
फतेहपुर। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार को 12वीं वाहिनी पीएसी परिसर में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का आयोजन वन विभाग के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री कृष्णा पासवान ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करते हुए पौधरोपण किया और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनके संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर जनपद की नोडल अधिकारी सारिका मोहन (आईएएस), जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स (आईएएस), पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक (आईपीएस) तथा 12वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक मनोज कुमार अवस्थी (आईपीएस) समेत अन्य अधिकारियों ने भी पौधे लगाए।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन, वन विभाग, पीएसी अधिकारियों एवं कर्मचारियों, एनसीसी कैडेट्स तथा पीएसी परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। वृक्षारोपण के बाद राज्य मंत्री कृष्णा पासवान ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, वाहिनी परिवारजनों और एनसीसी कैडेट्स को पौधों का वितरण किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए।इस अवसर पर शिविरपाल विजय कुमार चौधरी, दलनायक नीरज कुमार, सूबेदार मेजर सतीश कुमार प्रजापति, सहायक शिविरपाल आनंद मौर्य सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।