
फतेहपुर। सरस्वती बाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के कक्षा 12 के छात्र तेजस द्विवेदी (17) की मौत के बाद शुक्रवार देर रात मामला गरमा गया। मृतक के परिजनों ने सदर कोतवाली परिसर में धरना देकर हंगामा किया। एफआईआर दर्ज होने के बाद करीब रात 11 बजे परिजन शांत हुए। पुलिस ने मृतक की मां की तहरीर पर स्कूल प्रबंधक राकेश त्रिवेदी और प्रधानाचार्य सक्षम त्रिवेदी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सदर कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइन, एसपी आवास के पास निवासी दिलीप द्विवेदी का 17 वर्षीय पुत्र तेजस सरस्वती बाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में कक्षा 12 का छात्र था। परिजनों का आरोप है कि बुधवार को त्रैमासिक परीक्षा के दौरान नकल के आरोप में कॉलेज प्रशासन ने तेजस की पिटाई की। इसके बाद उस पर 1500 रुपये का जुर्माना लगाया गया और रिस्ट्रिक्ट कर घर भेज दिया गया। परिजनों के अनुसार, घर जाने के बाद दोपहर करीब दो बजे तेजस सौरा औद्योगिक क्षेत्र में पानी की टंकी के पास बेसुध हालत में मिला। उसकी साइकिल करीब 20-25 मीटर दूर सुरक्षित खड़ी मिली। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
शुक्रवार को मृतक की मां नीलम द्विवेदी परिजनों के साथ सदर कोतवाली पहुंचीं। उनका आरोप था कि दोपहर में ही पुलिस को तहरीर दे दी गई थी, लेकिन देर शाम तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। कार्रवाई को लेकर परिजनों की पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। इसके बाद परिजन कोतवाली परिसर में धरने पर बैठ गए और एफआईआर दर्ज होने तक धरना समाप्त करने से इनकार कर दिया। काफी देर चले हंगामे के बाद पुलिस ने मृतक की मां की तहरीर पर स्कूल प्रबंधक और प्रधानाचार्य के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया। एफआईआर की प्रति मिलने के बाद रात करीब 11 बजे परिजन धरने से उठे। सदर कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।