
औंग में दिनदहाड़े बैंक के पीछे से दाखिल हुए बदमाश, मैनेजर की केबिन में पहुंच डीबीआर किया बंद; सुबह बैंक की टूटी दीवार देखकर मचा हड़कंप
फतेहपुर। जनपद के औंग कस्बे में पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में दिनदहाड़े नकबजनी की घटना से हड़कंप मच गया। रविवार दोपहर दो बजे दो नकाबपोश बैंक के पीछे से दाखिल हुए और बैंक के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों को डीबीआर के जरिए बंद कर दिया। घटना का खुलासा सोमवार सुबह बैंक खुलने के बाद हुआ। हालांकि बैंक से नगदी या कोई सामान चोरी होने की बात सामने नहीं आई है।
स्टोर रूम का ताला तोड़कर काटी दीवार
औंग कस्बे के पंजाब नेशनल बैंक की शाखा हाईवे की सर्विस लेन पर मौजूद है। वहीं बैंक के पीछे गन्ने के खेत हैं। अंदेशा लगाया जा रहा है कि बदमाश इन्हीं खेतों की ओर से बैंक के पीछे पहुंचे। यहां बने स्टोर रूम का ताला तोड़ा गया और उसकी दीवार में नकब काटकर बैंक के अंदर प्रवेश किया गया।
बैंक के अंदर लगे सीसीटीवी फुटेज में दो नकाबपोश संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं। फुटेज के मुताबिक दोनों रविवार दोपहर करीब दो बजे से 2:20 बजे के बीच बैंक में दाखिल हुए। इनमें से एक ने लोअर पहन रखा था और अंगोछे से चेहरा ढक रखा था।
मैनेजर की केबिन में पहुंचे, डीबीआर किया बंद
बैंक के अंदर दाखिल होने के बाद दोनों बदमाश सीधे मैनेजर की केबिन की ओर गए। यहां पहुंचकर उन्होंने डीबीआर से सीसीटीवी कैमरों को बंद कर दिया। बदमाशों के इस तरीके से बैंक में प्रवेश करने और कैमरे बंद करने से पुलिस को आशंका है कि वारदात की पहले से रेकी की गई होगी।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब बदमाशों ने बैंक में नकब काटकर प्रवेश किया और कैमरे भी बंद कर दिए, तो आखिर वे बिना चोरी किए क्यों चले गए? पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं बदमाश रात में बैंक के स्ट्रांग रूम को निशाना बनाने की तैयारी में तो नहीं थे।
सोमवार सुबह टूटी दीवार देखकर कर्मचारियों में मचा हड़कंप
सोमवार सुबह करीब 10 बजे बैंक कर्मचारियों ने शाखा खोली। सफाई और रोजमर्रा का काम शुरू होने के बाद बैंक मैनेजर संजय शर्मा जरूरी काम से स्ट्रांग रूम की ओर गए। वहां उन्हें जमीन पर ईंट के टुकड़े पड़े दिखाई दिए।
रजिस्टर उठाने पर उसके ऊपर भी ईंट के टुकड़े मिले। ऊपर देखने पर दीवार में नकब कटी मिली। इसके बाद बैंक कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए तो डीबीआर बंद मिला।
मैनेजर संजय शर्मा के मुताबिक बैंक में रखी नगदी और सामान सुरक्षित है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
झाड़ियों में छिपे थे बदमाश?
बैंक के आसपास घनी झाड़ियां और पेड़ हैं। माना जा रहा है कि बदमाशों ने इन झाड़ियों का फायदा उठाया होगा। घटनास्थल के आसपास खाली नमकीन के पाउच और गिलास भी मिले हैं। इससे पुलिस इस संभावना को भी जांच रही है कि वारदात से पहले या बाद में बदमाश कुछ समय तक आसपास छिपे रहे हों।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सोमवार दोपहर फतेहपुर से फील्ड यूनिट की टीम बैंक पहुंची और अंदर-बाहर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम ने कई स्थानों से साक्ष्य जुटाए। नकब काटे जाने वाले स्थान के पास एक गमछा भी मिला है, जिसे जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।
बड़ी वारदात की तैयारी थी या सिर्फ रेकी?
दिनदहाड़े बैंक में नकब काटना और फिर सीसीटीवी के डीबीआर को बंद करना पुलिस के लिए कई सवाल खड़े कर रहा है। बदमाश बैंक में दाखिल होने के बाद आखिर किस चीज की तलाश कर रहे थे? क्या उनका मकसद रात में वापस आकर स्ट्रांग रूम तोड़ना था या बैंक की सुरक्षा व्यवस्था की रेकी करना?
फिलहाल इन सवालों का जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा। औंग थाना प्रभारी दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि पुलिस घटना की तह तक पहुंचने में जुटी है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
