प्रेम प्रसंग के बाद विधवा से विवाह, पहली पत्नी की शिकायत पर थाने पहुंचा युवक

असोथर/फतेहपुर। थाना असोथर क्षेत्र की ग्राम पंचायत रिठवां के मजरे मुस्तफापुर गांव में प्रेम प्रसंग के बाद विधवा महिला के विवाह का मामला सामने आया है। गांव के गोसाईं बाबा मंदिर में ग्रामीणों की मौजूदगी में युवक ने महिला के साथ विवाह किया। हालांकि, युवक की पहली पत्नी की शिकायत के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया। बाद में दोनों पक्षों में समझौता होने पर पहली पत्नी पति के साथ घर चली गई।
जानकारी के अनुसार मुस्तफापुर निवासी रामकुमार का करीब एक वर्ष से विधवा सुनीता देवी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों की सहमति के बाद ग्राम प्रधान हरिविलाश, पंचायत सदस्यों और ग्रामीणों की मौजूदगी में गोसाईं बाबा मंदिर में विवाह की रस्में पूरी कराई गईं। बताया गया कि सुनीता देवी के पहले पति का सितंबर 2022 के आसपास निधन हो गया था। उनकी पहली शादी से एक बेटी है। विवाह के बाद रामकुमार ने सुनीता देवी और उनकी बेटी को परिवार के रूप में स्वीकार किया।


बताया जा रहा है कि रामकुमार की पहली शादी वर्ष 2024 में कसरावां गांव निवासी उर्मिला देवी से हुई थी। उनकी एक बेटी भी है। उर्मिला देवी पिछले करीब छह माह से अपने मायके में रह रही थीं। बताया जा रहा है कि वह बीमारी के कारण मायके में रह रही थीं।
इधर, रामकुमार द्वारा दूसरी शादी किए जाने की जानकारी मिलने पर पहली पत्नी उर्मिला ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर थाने में पूछताछ की और पहली पत्नी के सामने पेश किया। दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद उर्मिला ने अपनी बेटी और स्वयं को संपत्ति में आधा हिस्सा देने की शर्त पर समझौता किया। इसके बाद उन्होंने किसी तरह की कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया और पति के साथ घर चली गईं।
उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी। पहली पत्नी के सामने दोनों पक्षों की बात सुनी गई। आपसी सहमति से समझौता होने के बाद पत्नी ने कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया और पति के साथ चली गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *