जर्जर प्राथमिक विद्यालय भवन को लेकर विधायक से शिकायत, जांच और कार्रवाई की मांग

बिंदकी। क्षेत्र के ग्राम पंचायत अभयपुर में स्थित प्राथमिक विद्यालय के जर्जर भवन को लेकर ग्रामीण ने जहानाबाद विधायक एवं पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह पटेल को शिकायती पत्र सौंपकर तत्काल जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। ग्राम पंचायत अभयपुर निवासी नीरज कुमार निषाद ने शिकायती पत्र में बताया कि अभयपुर में बिंदकी फार्म का प्राथमिक विद्यालय वर्ष 2011-12 में निर्मित हुआ था। आरोप है कि निर्माण के समय गुणवत्ता का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा गया, जिसके चलते वर्तमान में विद्यालय भवन काफी जर्जर हो चुका है। बारिश के दौरान कक्षों और कार्यालय में छत से पानी टपकने की समस्या बनी रहती है। शिकायतकर्ता के अनुसार भवन की छत की ढलाई भी एक स्तर से अधिक नहीं की गई है। बारिश होने पर छत से पानी भरने और टपकने के कारण शिक्षण कार्य प्रभावित होता है। छत की सरिया भी बाहर दिखाई देने लगी है। बारिश के मौसम में विद्यालय में बच्चों के लिए भय का माहौल बना रहता है। नीरज कुमार निषाद ने विधायक से मांग की है कि विद्यालय भवन के निर्माण की गुणवत्ता की तत्काल जांच कराई जाए तथा जर्जर भवन की मरम्मत अथवा आवश्यकतानुसार पुनर्निर्माण की व्यवस्था की जाए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है, ताकि किसी अप्रिय घटना की स्थिति उत्पन्न न हो। शिकायती पत्र पर विधायक राजेंद्र सिंह पटेल की ओर से कार्रवाई के लिए लिखित टिप्पणी किए जाने का भी उल्लेख है। स्थानीय स्तर पर अब ग्रामीणों और अभिभावकों की नजर संबंधित विभाग की कार्रवाई पर टिकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *